Follow Us:

हिमाचल में आज से भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, ओलावृष्टि और तेज तूफान की चेतावनी

आज शाम से सक्रिय होगा मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, 72 घंटे तक असर
ओलावृष्टि और बारिश-बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी
50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी आंधी, तापमान 5°C तक गिरेगा



शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट लेने की तैयारी कर ली है। मौसम विभाग के अनुसार आज शाम से एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर पूरे प्रदेश में अगले 72 घंटे तक देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की स्थिति बनेगी।

मौसम विभाग ने इसको देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि आज शाम से मौसम बिगड़ना शुरू होगा और 21 मार्च की सुबह तक लगातार इसका असर बना रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होगी, जबकि निचले और मैदानी क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहेगा।

पर्यटन स्थलों पर भी इस मौसम का असर साफ दिखेगा। मनाली, शिमला, कुफरी, नारकंडा, सोलंग वैली और सिस्सू जैसे इलाकों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां तेज होंगी, जिससे पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

मौसम विभाग ने विशेष तौर पर ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की है। 18 और 19 मार्च को कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि 19 और 20 मार्च को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके साथ ही प्रदेश में तेज हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। खराब मौसम के चलते सड़क मार्ग बाधित, फिसलन और भूस्खलन जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं।

इस सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। कई इलाकों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ेगी।

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को पहले मौसम की जानकारी लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की हिदायत दी गई है। वहीं, किसानों और बागवानों को ओलावृष्टि से फसलों और बागवानी को नुकसान होने की आशंका जताई गई है।