➤ हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिन मानसून रहेगा सक्रिय, कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार
➤ 18 और 19 जुलाई को भारी बारिश तथा 20 और 21 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
➤ किन्नौर के याशंग गांव में भूस्खलन से खेत, बगीचे, सड़क और पेयजल लाइन को नुकसान
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम और कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए 20 और 21 जुलाई के लिए कई भागों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 जुलाई को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होगी, जबकि 17 जुलाई को कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। इसके बाद 18 से 21 जुलाई तक अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। 18 और 19 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी बारिश तथा 20 और 21 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
पिछले दो-तीन दिनों से मानसून कमजोर रहने के कारण प्रदेश में उमस बढ़ी है। शिमला सहित कई मैदानी और मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि आगामी दिनों में बारिश बढ़ने से अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
इधर किन्नौर जिले की चगांव पंचायत के याशंग गांव में बुधवार सुबह भूस्खलन की घटना सामने आई। पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरकने से खेतों, बगीचों, संपर्क सड़क और पेयजल पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से वैज्ञानिक जांच और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों को खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।



