➤ कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, चंबा और बिलासपुर में अलग-अलग दिन ऑरेंज अलर्ट
➤ 28 जुलाई से 1 अगस्त तक प्रदेशभर में बारिश और भूस्खलन की चेतावनी
➤ चंबा में 12 से अधिक वाहन मलबे में दबे, कई घरों में घुसा मलबा
हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। चंबा, शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, सिरमौर, सोलन सहित कई इलाकों में भूस्खलन, जलभराव और सड़कें बंद होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हालात को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के पांच जिलों के लिए अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
सबसे अधिक प्रभावित जिलों में चंबा शामिल है, जहां लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर पहाड़ियों से मलबा गिरने की घटनाएं हुई हैं। जिले में 12 से अधिक वाहन मलबे में दब गए, जबकि कई रिहायशी घरों में भी मलबा घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं राजधानी शिमला में भी दिनभर झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे कई स्थानों पर पेड़ गिरने और यातायात प्रभावित होने की घटनाएं सामने आईं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार सक्रिय मानसून और अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के चलते 28 जुलाई से 1 अगस्त तक प्रदेश के निचले पहाड़ी, मैदानी तथा मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि 28 से 30 जुलाई के बीच प्रदेश के निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसके चलते भूस्खलन, अचानक बाढ़, नालों का जलस्तर बढ़ने, सड़कें बंद होने और यातायात बाधित होने जैसी स्थितियां बन सकती हैं। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
तापमान की बात करें तो अगले चार से पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद अगले तीन से चार दिनों तक तापमान लगभग स्थिर रहने का अनुमान है।
जानिए किस जिले में कब अलर्ट
28 जुलाई:
कांगड़ा और मंडी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं चंबा, कुल्लू, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट रहेगा।
29 जुलाई:
सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। जबकि बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
30 जुलाई:
बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन में येलो अलर्ट रहेगा।
31 जुलाई:
चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में येलो अलर्ट रहेगा।
1 अगस्त:
चंबा, कांगड़ा, मंडी और शिमला में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखें।



