Follow Us:

हिमाचल में अगले 5 दिन बारिश का दौर, 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

➤ कुल्लू, मंडी और शिमला में आज भारी ओलावृष्टि व तूफान का ऑरेंज अलर्ट

➤ 20-21 जून को और मजबूत होगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस, कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी

➤ अगले पांच दिन प्रदेशभर में बारिश का दौर, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार


हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान की संभावना है। कुछ स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

वहीं चंबा और कांगड़ा जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले 48 घंटों के दौरान हल्की बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि 20 और 21 जून को पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) और अधिक सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तूफान की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 22 जून को भी प्रदेशभर में बारिश की संभावना बनी रहेगी।

हालांकि 23 जून के बाद पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के संकेत हैं, लेकिन ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का असर कुछ और दिनों तक बना रह सकता है।

सामान्य से कम रहेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह में प्रदेश के कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। मैदानी और निचले इलाकों में अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 32 से 36 डिग्री सेल्सियस और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 18 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सलाह

मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को भूस्खलन, तेज हवाओं और अचानक मौसम परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।