Follow Us:

प्री-मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 25 जून तक बारिश के आसार

➤ प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश, तापमान में गिरावट दर्ज
➤ 25 जून तक अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार
➤ मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी


हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में गिरावट देखने को मिली है। राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में शुक्रवार को भी दिनभर बादल छाए रहे और शाम के समय हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार सलूणी में 31.2 मिमी, संगड़ाह और राजगढ़ में 20-20 मिमी, धर्मशाला में 18 मिमी, जोत में 12 मिमी तथा कोटखाई में 11.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सोलन, पच्छाद, जोगिंद्रनगर, घाघस, भरमौर, देहरा गोपीपुर और ऊना सहित कई क्षेत्रों में भी वर्षा हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में अगले छह दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 20 और 21 जून को राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 22 से 25 जून तक भी अलग-अलग स्थानों पर वर्षा का दौर जारी रह सकता है।

विभाग ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। इससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

तापमान की बात करें तो शिमला का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला 16.8, मनाली 14.2, केलांग 8 डिग्री और कुकुमसेरी 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है।

मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को भूस्खलन और अचानक मौसम बदलने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहने को कहा गया है।