➤ शिमला, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, चंबा और सोलन में तेज बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि
➤ रोहतांग दर्रा, बारालाचा, कुंजम और धौलाधार की ऊंची चोटियों पर जून में हिमपात
➤ आज शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में भारी बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल की राजधानी शिमला समेत अधिकांश भागों में आज सुबह से ही मौसम खराब बना हुआ है। बीते एक सप्ताह में भी सामान्य से छह फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है। राज्य में अगले छह दिन बारिश जारी रहेगी। मौसम विभाग (IMD) ने आज पांच जिले कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला व सिरमौर जिला में भारी ओलावृष्टि व तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। चंबा, कांगड़ा और सोलन जिला में यलो अलर्ट दिया गया है।
इस दौरान कई भागों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चल सकता है। इसे देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है। अगले कल भी चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिला में यलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है। छह जून को वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन अधिक ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले भागों में हल्की बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। राज्य के अधिकांश भागों में 10 जून तक बारिश होती रहेगी।
मौसम विभाग के अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में अंधड़, ओलावृष्टि और झमाझम बारिश दर्ज की गई। पिछले कल राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई, जबकि लाहौल-स्पीति, रोहतांग दर्रा और धौलाधार की ऊंची चोटियों पर जून माह में भी हिमपात देखने को मिला।
दोपहर बाद मौसम में आए अचानक बदलाव के बाद शिमला, सोलन, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा और मंडी जिलों में तेज बारिश हुई। कांगड़ा जिले के कुछ इलाकों में तेज अंधड़ भी चला। राजधानी शिमला में दोपहर एक से दो बजे के बीच मात्र एक घंटे में 33 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
भारी बारिश के चलते शिमला के रामचंद्र चौक-रिच माउंट मार्ग पर भूस्खलन हुआ, जिसके कारण सड़क यातायात प्रभावित रहा। शिमला और मशोबरा क्षेत्र में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम में आए बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
प्रदेश के पर्यटन स्थलों कुल्लू, मनाली, बंजार, भुंतर और मणिकर्ण में भी अच्छी बारिश हुई। वहीं कांगड़ा जिले के पालमपुर और धर्मशाला में शाम के समय तेज अंधड़ चला। दूसरी ओर ऊना जिला पूरे दिन गर्म हवाओं की चपेट में रहा, जहां लोगों को तेज धूप और लू जैसे हालात का सामना करना पड़ा।
जून माह में बर्फबारी ने भी लोगों को चौंका दिया। वीरवार शाम करीब चार बजे रोहतांग दर्रा में हिमपात शुरू हुआ। इसके अलावा बारालाचा, कुंजम, शिंकुला, सीबी रेंज और धौलाधार की ऊंची चोटियों पर भी ताजा बर्फबारी हुई है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है।
बारिश से किसानों को भी राहत मिली है। विशेष रूप से मक्की की बुआई का इंतजार कर रहे किसानों ने इस वर्षा को फसलों के लिए लाभदायक बताया है। पिछले कुछ दिनों से बढ़ती गर्मी और सूखे हालात के कारण किसानों को बार-बार सिंचाई करनी पड़ रही थी।
कहां कितना रहा अधिकतम तापमान
| स्थान | अधिकतम तापमान |
|---|---|
| नेरी | 38.6°C |
| ऊना | 37.4°C |
| कांगड़ा | 36.5°C |
| बरठीं | 35.4°C |
| सुंदरनगर | 34.7°C |
| मंडी | 34.6°C |
| नाहन | 33.4°C |
| धर्मशाला | 33.0°C |
| चंबा | 32.9°C |
| सोलन | 31.5°C |
| शिमला | 25.5°C |
| मनाली | 25.0°C |
आज चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार के लिए शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में भारी बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा हो सकती है। प्रदेश में 6 जून तक मौसम खराब बना रहने और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई



