➤ हिमाचल के सात जिलों में दो दिन बारिश और बर्फबारी के आसार
➤ ऊना-नाहन समेत मैदानी इलाकों में घना कोहरा, विजिबिलिटी घटी
➤ पश्चिमी विक्षोभ से ठंड बढ़ी, कई जिलों में पारा लुढ़का
Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय सात जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। राजधानी शिमला समेत कई इलाकों में सुबह हल्की धूप के साथ बादल छाए रहे।
मैदानी क्षेत्रों में ऊना और नाहन सहित कई जगहों पर घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान में भी प्रदेशभर में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी दिखा। दिल्ली में घने कोहरे के कारण दिल्ली से कांगड़ा आने वाली एक इंडिगो फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। कम दृश्यता के चलते विमान ने दिल्ली से उड़ान नहीं भरी, जिससे कई यात्रियों को असुविधा हुई। हालांकि दोपहर बाद दिल्ली और चंडीगढ़ से कुछ उड़ानें कांगड़ा हवाई अड्डे पहुंचीं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण 20 और 21 दिसंबर को किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
22 से 26 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं, लेकिन 23 और 24 दिसंबर को बिलासपुर के भाखड़ा जलाशय क्षेत्र और मंडी की बल्ह घाटी में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के बाद ठंड और शीतलहर का असर बढ़ गया है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।



