Follow Us:

हिमाचल में एक सप्ताह तक बरसेंगे बादल, पांच जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल में आज से एक सप्ताह तक बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान
29 मार्च को पांच जिलों में ओलावृष्टि और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी
पश्चिमी विक्षोभ से तापमान में गिरावट और कई इलाकों में तेज हवाओं की चेतावनी


हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में आज से लेकर 3 अप्रैल तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में तेज अंधड़ और ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और मौसम में ठंडक बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 29 मार्च को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 28 से 30 मार्च और 2 से 3 अप्रैल तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग के मुताबिक 28 से 30 मार्च तथा 2 और 3 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं 31 मार्च को कुछ स्थानों पर ही बारिश-बर्फबारी के आसार हैं, जबकि 1 अप्रैल को मुख्य रूप से ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तापमान में भी बदलाव देखने को मिला है। शनिवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुंदरनगर में 12.1, भुंतर में 10.0, कल्पा में 4.0, धर्मशाला में 9.5 और ऊना में 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा केलांग में 1.1, मनाली में 6.5, पालमपुर में 11.0 और सोलन में 10.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 से 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं पहले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के बाद अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

लगातार बारिश और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए किसानों और बागवानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।