Follow Us:

फरवरी में 81% कम बारिश, तापमान में असामान्य उछाल, जानें कैसा रहेगा अब मौसम

ऊंचाई वाले इलाकों में आज हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार
कल से 28 फरवरी तक प्रदेशभर में खिलेगी धूप
फरवरी में 81% कम बारिश, तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक


राजधानी शिमला समेत पूरे हिमाचल में मौसम ने अचानक करवट ली है। जहां प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में आज हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं, वहीं निचले और मैदानी भागों में मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव अल्पकालिक रहेगा और कल से पूरे प्रदेश में धूप खिलने लगेगी। विभाग ने साफ किया है कि 28 फरवरी तक मौसम पूरी तरह साफ बना रहेगा, जिससे दिन के तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

इस बीच प्रदेश में तापमान में उल्लेखनीय उछाल दर्ज किया गया है। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री ज्यादा चल रहा है। कल्पा में अधिकतम तापमान सामान्य से 7.8 डिग्री बढ़कर 15.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जो इस सीजन में असामान्य माना जा रहा है।

इसी तरह केलांग का पारा 7.1 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 6.1 डिग्री, मनाली में 5.8 डिग्री उछाल के साथ 18.8 डिग्री, कांगड़ा में 4.7 डिग्री बढ़कर 25.0 डिग्री और भुंतर में 5.7 डिग्री की वृद्धि के साथ 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है।

सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि फरवरी महीने में अब तक सामान्य से 81 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। 1 से 22 फरवरी के बीच जहां सामान्य तौर पर 75.5 मिलीमीटर वर्षा होती है, वहीं इस बार केवल 14.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सोलन जिला में 94 प्रतिशत, सिरमौर जिला में 93 प्रतिशत, ऊना जिला में 92 प्रतिशत और बिलासपुर जिला में 91 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

पूरे विंटर सीजन (1 जनवरी से 22 फरवरी) के आंकड़े भी चिंताजनक हैं। इस अवधि में सामान्य 160.8 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले केवल 101.9 मिलीमीटर वर्षा हुई है, यानी 37 प्रतिशत की कमी। लगातार कम बारिश और बढ़ते तापमान ने मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव दिखाया है, जिससे खेती-बागवानी और जल स्रोतों पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।