Follow Us:

हिमाचल में प्रचंड गर्मी से लोगों को मिलेगी राहत, जमकर बरसेंगे बदरा

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल में 45 डिग्री तक पारा पहुंचने के बाद अब मौसम करवट बदल रहा है। अगले छह दिन तक प्रदेश में राहत भरी बारिश की फुहारें बरसने के आसार हैं। मौसम विभाग का तीन से आठ जून तक बारिश का पूर्वानुमान है। चार से छह जून तक मैदानों और मध्य पर्वतीय इलाकों में गर्जना के साथ बारिश और 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की गई है।

हिमाचल में शनिवार रात को कई स्थानों पर बारिश के बाद रविवार को अधिकतम तापमान में तीन से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। प्रचंड गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली। रविवार को पांवटा और मैक्लोडगंज में बारिश और ओलावृष्टि भी हुई। राजधानी शिमला में भी दिनभर बादल छाए रहे। ऊना का पारा 44.9 से 42.6 डिग्री पहुंच गया।

बिलासपुर (41) को छोड़कर अन्य शहरों में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया है। शिमला में ठंडक पाने के लिए पड़ोसी राज्यों से भारी तादाद में पर्यटक पहुंच गए हैं। मनाली और रोहतांग में भी बर्फ में मस्ती करने के लिए हजारों सैलानी रोज पहुंच रहे हैं।

शिमला, धर्मशाला, मनाली और डलहौजी के होटलों में 100 फीसदी आक्यूपेंसी चल रही है। रविवार को हमीरपुर का अधिकतम तापमान 39.1, सुंदरनगर 38.2, कांगड़ा 38.0, भुंतर का 35.8, चंबा 35.0, सोलन 34.5, शिमला 27.7, कल्पा 23.7 और केलांग का 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

यहां की रातें कूल-कूल

प्रदेश के कई क्षेत्रों में अभी भी सुकून की रातें गुजर रही हैं। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान केलांग में 8.0, कल्पा में 10.1, मनाली में 11.8, भुंतर 14.4, शिमला में 15.5, कुफरी में 16.8 और डलहौजी में 19.2 डिग्री सेल्सियस है।