➤ रोहतांग दर्रा और लाहौल की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात, मौसम ने बदला मिजाज
➤ कुल्लू-मनाली में बारिश और तेज हवाएं, शिमला में ओलावृष्टि से ठंड बढ़ी
➤ 30 सड़कें बंद, कई गांव अंधेरे में डूबे, 26 मार्च को येलो अलर्ट जारी
शिमला: हिमाचल प्रदेश में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि देखने को मिली। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ, जबकि मैदानी और मध्य क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया।
रोहतांग दर्रा सहित लाहौल और मनाली की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, जिससे पूरा क्षेत्र सफेद चादर में ढक गया। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल और सिस्सू में पर्यटकों ने गिरती बर्फ के बीच जमकर मस्ती की और इस मौसम का आनंद लिया।
राजधानी शिमला में सुबह बादल छाए रहे, दिन में धूप निकली, लेकिन शाम होते ही मौसम अचानक बदल गया और शहर में हल्की ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
कुल्लू जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। बारिश और बर्फबारी के चलते जिले में करीब 30 सड़कें बंद हो गईं, जबकि 15 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हुए।
जिला चंबा में सुबह धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और जिला मुख्यालय में बारिश शुरू हो गई। जनजातीय क्षेत्रों भरमौर और पांगी की ऊंची चोटियों पर करीब 5-5 सेंटीमीटर तक हिमपात दर्ज किया गया।
मंडी में दोपहर बाद बादल छा गए और सरकाघाट व जोगिंद्रनगर में अच्छी बारिश हुई, जबकि पधर और बल्ह घाटी में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। इससे तापमान में गिरावट आई और ठंड का असर बढ़ गया।
मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेश में शीतलहर तेज हो गई है। हालांकि भरमौर-पठानकोट हाईवे सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही जारी है। बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है, जो फसलों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है, लेकिन यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो नगदी फसलों को नुकसान भी हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रह सकता है। 26 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते कई इलाकों में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 27 और 28 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि 29 मार्च को फिर से मौसम खराब हो सकता है।
तापमान की बात करें तो प्रदेश के कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ताबो में माइनस 0.4 डिग्री, कुकुमसेरी में 0.8, कल्पा में 2.6, कुफरी में 5.4, मनाली में 6.2 और शिमला में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं ऊना में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और कांगड़ा में 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।



