➤ हिमाचल में फिर बदला मौसम, 4 जिलों में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट
➤ एक हफ्ते में 177% ज्यादा बारिश, कई जिलों में रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े
➤ 26 मार्च को फिर बिगड़ेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। पिछले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश में सामान्य से 177 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिससे जहां ठंड ने फिर से वापसी कर ली है, वहीं लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 9 से 15 मार्च के बीच प्रदेश में सामान्यत: 28.1 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार 77.9 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो औसत से कहीं ज्यादा है।
सबसे ज्यादा चौंकाने वाले आंकड़े ऊना, सोलन और सिरमौर जिलों से सामने आए हैं। ऊना में 769 फीसदी, सोलन में 602 फीसदी, सिरमौर में 535 फीसदी, हमीरपुर में 468 फीसदी, शिमला में 330 फीसदी, कुल्लू में 321 फीसदी और बिलासपुर में 502 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश और बादलों की सक्रियता के कारण पहाड़ों में जनवरी जैसी ठंड का एहसास हो रहा है।
इसी बीच सोमवार सुबह से ही प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के लिए आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, अन्य इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी और बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।
हालांकि, मौसम विभाग ने थोड़ी राहत की भी उम्मीद जताई है। कल और परसों यानी अगले दो दिनों में मौसम के साफ रहने की संभावना है और धूप खिल सकती है। लेकिन यह राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी, क्योंकि 26 मार्च को एक बार फिर मौसम खराब होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान पूरे प्रदेश में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। 27 मार्च को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है।
तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। नाहन में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री कम होकर 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम है। कांगड़ा में भी तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम दर्ज किया गया।
वहीं, लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 3.1 डिग्री और ताबो में माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।



