➤ कुमारसैन में भूस्खलन से मकान क्षतिग्रस्त, धर्मशाला में मलबे की चपेट में आकर दो युवक घायल
➤ मौसम विभाग ने 7 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया
➤ मानसून में अब तक सामान्य से 6% कम बारिश, कई जिलों में भूस्खलन और नुकसान जारी
शिमला/धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शनिवार को राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई, जबकि कुमारसैन और धर्मशाला में भूस्खलन की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 7 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
शिमला जिले के कुमारसैन की कोटीघाट पंचायत के रोपा वार्ड में शुक्रवार रात भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ। मलबा और चट्टानें गिरने से स्थानीय निवासी रामानंद का मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उनका परिवार बेघर हो गया। वहीं बागवान ज्योतिराम के करीब 35 सेब के पौधे नष्ट हो गए, जबकि अन्य बागवानों के डंगे और बगीचों को भी नुकसान पहुंचा है।
उधर, रामपुर बुशहर के डंसा क्षेत्र में सुंडा-सनेई सड़क पर दोबारा भूस्खलन हुआ। अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक बैल की मौत हो गई, जबकि एक पिकअप वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि चालक और अन्य लोग सुरक्षित बच गए।
कांगड़ा जिले के धर्मशाला के चरान खड्ड पुल के पास हुए भूस्खलन में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इनमें से एक घायल ललित को गंभीर हालत में डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर किया गया है। वहीं शिमला स्थित मुख्यमंत्री आवास ओकओवर के समीप लगातार बारिश के कारण तीन पेड़ गिर गए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
7 अगस्त तक येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 7 अगस्त तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को कांगड़ा और मंडी, जबकि सोमवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
मानसून में अब तक 6% कम बारिश
प्रदेश में 20 जून से 1 अगस्त तक 345 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में 366 मिमी बारिश सामान्य मानी जाती है। यानी अब तक प्रदेश में 6 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड हुई है। हालांकि चंबा, किन्नौर, कुल्लू और शिमला में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जबकि बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, मंडी और सिरमौर में सामान्य से कम बारिश हुई है।



