Follow Us:

हिमाचल मौसम अपडेट: तीन दिन बाद खिली धूप, कड़ाके की ठंड से राहत

तीन दिन की बारिश-बर्फबारी के बाद धूप, लोगों को ठंड से राहत
तापमान में 12 से 16 डिग्री तक गिरावट, कई शहरों में ठंड का असर
लाहौल स्पीति का संपर्क कटा, कई जगह लैंडस्लाइड से सड़कें बंद


हिमाचल प्रदेश में लगातार तीन दिन तक हुई बारिश और बर्फबारी के बाद शनिवार को मौसम साफ हुआ और धूप खिलने से लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिली। मार्च के तीसरे सप्ताह में असामान्य मौसम ने प्रदेश को झकझोर दिया, जहां सामान्य से ढाई गुना अधिक बारिश-बर्फबारी दर्ज की गई। इसके चलते कई शहरों के अधिकतम तापमान में 12 से 16 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 11.3 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। चंबा में सबसे अधिक 16.2°C की गिरावट के बाद तापमान 11.7°C दर्ज किया गया। भुंतर में तापमान 14.3°C गिरकर 9.5°C, मनाली में 13.1°C गिरकर 4.8°C, मंडी में 15°C गिरकर 13.6°C, कुफरी में 13°C गिरकर 3.8°C, धर्मशाला में 11.3°C गिरकर 12°C और सोलन में 12.9°C गिरकर 12.5°C दर्ज किया गया।

भारी बर्फबारी और बारिश के चलते लाहौल स्पीति का संपर्क देश-दुनिया से कट गया है। कई स्थानों पर लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। कुल्लू के इनर अखाड़ा क्षेत्र में हालात इतने खराब हो गए कि 10 से अधिक घर खाली करवाने पड़े। वहीं मनालीचंडीगढ़ फोरलेन पर बनाला के पास भारी भूस्खलन से यातायात बाधित हो गया।

मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान अब न्यूनतम तापमान की रेंज तक गिर गया है, जो मौसम के असामान्य बदलाव को दर्शाता है। ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात भी दर्ज किया गया है।

बारिश के आंकड़े भी चौंकाने वाले हैं। 7 से 13 मार्च के बीच जहां सामान्य तौर पर 25.4 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार 134 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। ऊना में 307%, शिमला में 234%, मंडी में 226% और कुल्लू में 271% अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल थोड़ी राहत के संकेत हैं। आज और कल वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ेगा, हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी जारी रह सकती है। 23 मार्च को फिर से मध्यम और ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब होने के आसार हैं। इसके बाद 24 और 25 मार्च को मौसम साफ रहेगा, जबकि 26 मार्च को फिर बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है।