➤ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना
➤ प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ, 23 फरवरी तक धूप का अनुमान
➤ औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक, सर्दियों में 28% कम वर्षा
हिमाचल प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी के आसार हैं। हालांकि प्रदेश के अन्य भागों में मौसम साफ बना रहेगा। विभाग का अनुमान है कि बुधवार से पूरे प्रदेश में आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा और 23 फरवरी तक लगातार तेज धूप खिली रहेगी।
इस बीच प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे फरवरी में ही गर्मी का एहसास होने लगा है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। कल्पा में सबसे अधिक 8.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यहां तापमान 15.0 डिग्री तक पहुंच गया।
राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक होकर 18.2 डिग्री दर्ज किया गया। भुंतर में 5.8 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ पारा 23.8 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि ऊना में 5.4 डिग्री बढ़कर 28.7 डिग्री और सुंदरनगर में 5.0 डिग्री की वृद्धि के साथ तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। कल्पा का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री अधिक होकर 1.4 डिग्री दर्ज किया गया। कांगड़ा में यह 4.1 डिग्री बढ़कर 9.8 डिग्री पहुंच गया, जबकि शिमला में रात का पारा सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक होकर 6.5 डिग्री दर्ज किया गया।
इस बार सर्दियों के मौसम में वर्षा की कमी भी चिंता का कारण बन रही है। एक जनवरी से 17 फरवरी के बीच प्रदेश में सामान्यत: 142.1 मिलीमीटर वर्षा होती है, लेकिन इस बार केवल 101.9 मिलीमीटर ही बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 28 प्रतिशत कम है। कम वर्षा और बढ़ते तापमान के कारण सर्दियों का प्रभाव कमजोर पड़ता नजर आ रहा है।
मौसम साफ रहने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के कारण वहां ठंड का असर बरकरार रह सकता है।



