Follow Us:

हिमाचल में खिली रहेगी धूप, बढ़गी गर्मी

हिमाचल में फिर बढ़ी गर्मी, ऊना का तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंचा
9 जून तक मौसम साफ, अधिकांश जिलों में तेज धूप और गर्मी के आसार
10 जून से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना


हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जबकि पहाड़ी इलाकों में भी दिन के समय तेज धूप लोगों को गर्मी का अहसास करा रही है। प्रदेश के सबसे गर्म क्षेत्रों में शामिल ऊना में अधिकतम तापमान एक बार फिर 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

प्रदेश के कई जिलों में बीते दिनों की तुलना में तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी और सोलन जैसे जिलों में दिन के समय तेज धूप खिलने से तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। वहीं राजधानी शिमला, पर्यटन नगरी मनाली और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी मौसम साफ रहने से दिन के समय गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 9 जून तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रहेगी और तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हालांकि मौसम विभाग ने इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। विभाग के अनुसार 10 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम करवट ले सकता है। 10 जून से 13 जून के बीच कई जिलों में बारिश, तेज अंधड़ और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शुक्रवार रात को पांवटा साहिब प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा हमीरपुर के नेरी में 24.1 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 23 डिग्री, बिलासपुर में 22.5 डिग्री, मंडी में 21.7 डिग्री, ऊना में 20.7 डिग्री और कांगड़ा में 20.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं शिमला में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री और मनाली में 11.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

अधिकतम तापमान की बात करें तो ऊना 39.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा। इसके बाद नेरी में 36.7 डिग्री, बरठीं में 35.2 डिग्री, मंडी में 34.8 डिग्री, सुंदरनगर में 34.7 डिग्री, नाहन और कांगड़ा में 34.5 डिग्री, सोलन और भुंतर में 33 डिग्री, चंबा में 32.6 डिग्री तथा धर्मशाला में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 27 डिग्री, मनाली में 25.2 डिग्री, कल्पा में 21.9 डिग्री, ताबो में 21.8 डिग्री और केलांग में 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि 10 जून के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।