Follow Us:

हिमाचल में आज रात से बदलेगा मौसम, 29 और 30 अक्टूबर को बारिश-बर्फबारी के आसार

➤ हिमाचल में आज रात से सक्रिय होगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस, 29 और 30 अक्टूबर को बारिश के आसार
➤ लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात, कई जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट
➤ 12 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे, कुकुमसैरी में माइनस 2.1 डिग्री दर्ज


शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत राज्य के अधिकांश भागों में बुधवार सुबह से अच्छी धूप खिली हुई है और दिनभर मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि, देर रात से वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से अगले 48 घंटे मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इससे 29 और 30 अक्टूबर को ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। इस दौरान लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा जिलों की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हो सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने 29 अक्टूबर को कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 30 अक्टूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान आने की चेतावनी दी गई है। मौसम में बदलाव के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम साफ रहने के कारण आज प्रदेश के ज्यादातर शहरों के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है। हालांकि, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से कल से तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है। 31 अक्टूबर से अधिकतम तापमान में फिर हल्का उछाल आने की संभावना है।

प्रदेश में इन दिनों दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है, जबकि औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम है। यानी दिन के समय तापमान सामान्य से ज्यादा रहने के कारण हल्की गर्मी महसूस हो रही है, जबकि रातें सामान्य से ठंडी बनी हुई हैं।

प्रदेश के 12 शहरों का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क चुका है। कुकुमसैरी का तापमान माइनस 2.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाने, हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।