National Games referee: बिलासपुर जिले के जुखाला के रहने वाले चुनी लाल ठाकुर का चयन 39वीं नेशनल गेम्स में खो-खो स्पर्धा के लिए तकनीकी अधिकारी (रेफरी) के रूप में हुआ है। वर्तमान में चुनी लाल राजकीय प्राथमिक विद्यालय रिड़ी में कनिष्ठ बुनियादी शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। छात्र जीवन में उन्होंने तीन बार इंटर यूनिवर्सिटी और कई बार राष्ट्रीय स्तर पर खो-खो खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
चुनी लाल ठाकुर न केवल खुद एक उत्कृष्ट खिलाड़ी रहे हैं, बल्कि जुखाला स्कूल के मैदान में रोजाना सुबह और शाम इलाके के बच्चों को निशुल्क खो-खो की कोचिंग भी दे रहे हैं। इससे क्षेत्र के युवा खिलाड़ी खो-खो में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
उनके चयन की पुष्टि खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एमएस त्यागी ने आधिकारिक पत्र जारी कर की। चुनी लाल ने अपनी नियुक्ति के लिए खो-खो फेडरेशन के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल, प्रदेश खो-खो संघ के अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर, उपाध्यक्ष एलआर वर्मा, महासचिव देवी दत्त तंवर, तकनीकी बोर्ड चेयरमैन अमरजीत ठाकुर और प्रदेश सह सचिव लक्ष्मी दत्त का आभार व्यक्त किया है।
चुनी लाल ठाकुर का चयन न केवल उनके लिए बल्कि हिमाचल प्रदेश के खेल क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।