Follow Us:

पूर्व मंत्री व सांसद किशन कपूर का निधन

  • पूर्व मंत्री व सांसद किशन कपूर का निधन, ब्रेन हेमरेज के चलते पीजीआई में ली अंतिम सांस।
  • तीन बार मंत्री और एक बार सांसद रह चुके थे, धर्मशाला से भाजपा के दिग्गज नेता थे।
  • भाजपा परिवार में शोक की लहर, जयराम ठाकुर बोले—”अपूर्णीय क्षति।”

BJP Leader Kishan Kapoor Passes Away: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री और सांसद किशन कपूर का निधन हो गया है। वह ब्रेन हेमरेज के चलते पीजीआई में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। किशन कपूर धर्मशाला के खनियारा गांव के निवासी थे। वह तीन बार राज्य सरकार में मंत्री और एक बार लोकसभा सांसद रह चुके थे। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रमुख नेता रहे किशन कपूर के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।

भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भाजपा परिवार ने एक बड़े नेता को खो दिया। उन्होंने लिखा, “यह खबर अत्यंत दुखद है। किशन जी ने प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे सदैव स्मरण किया जाएगा।” उन्होंने परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

किशन कपूर का राजनीतिक जीवन भाजपा संगठन और धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र की सेवा में समर्पित रहा। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति में एक बड़ी रिक्तता आ गई है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने किशन कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

किशन कपूर 1970 में जनसंघ के सदस्य बने और 1980 में भाजपा के गठन के बाद 1982 में धर्मशाला मंडल के अध्यक्ष बने। वे 1990 में पहली बार विधायक बने और 1993 में दूसरी बार विधानसभा पहुंचे। उन्होंने परिवहन एवं कानून मंत्री तथा खाद्य आपूर्ति एवं शहरी विकास मंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा की। 2019 में कांगड़ा लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने किशन कपूर को एक मधुरभाषी, मिलनसार और दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने कहा कि किशन कपूर के निधन से पार्टी ने एक अनुभवी और समर्पित नेता को खो दिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि किशन कपूर ने प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।

भाजपा नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। किशन कपूर का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव धर्मशाला में किया जाएगा।

 

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम अध्यक्ष और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर एस बाली ने पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता किशन कपूर पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि किशन कपूर के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ की वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें।