➤ केंद्र सरकार ने हिमाचल को एनडीआरएफ से 601.92 करोड़ की राहत राशि मंजूर की
➤ 2023 की बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन से हुए नुकसान के लिए जारी होगी राशि
➤ गृह मंत्रालय की सिफारिश पर वित्त मंत्रालय ने दी स्वीकृति
शिमला: केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को बड़ी राहत देते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया निधि (NDRF) के तहत 601.92 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी प्रदान की है। यह राशि वर्ष 2023 के मानसून के दौरान प्रदेश में आई भीषण बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन जैसी आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए दी जाएगी।
वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के वित्त आयोग प्रभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के लिए स्वीकृत कुल 1504.80 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता में से यह पहली बड़ी किस्त जारी की जा रही है। यह धनराशि सीधे एनडीआरएफ से राज्य सरकार को उपलब्ध करवाई जाएगी।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह सहायता गृह मंत्रालय की संस्तुति के आधार पर जारी की गई है। गृह मंत्रालय ने 15 दिसंबर को ई-फाइल के माध्यम से इसकी सिफारिश की थी। इसके बाद 24 दिसंबर को व्यय विभाग की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन में दर्ज टिप्पणियों और शर्तों के तहत राशि जारी करने की अनुमति दी गई।
केंद्र सरकार की इस मंजूरी से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है और राहत एवं पुनर्वास से जुड़े लंबित कार्यों को आगे बढ़ाने में राज्य सरकार को आर्थिक संबल मिलेगा।



