➤ राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दी होली की शुभकामनाएं
➤ होली को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बताया
➤ प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली और नई उमंग की कामना
शिमला। प्रदेश में रंगों के पर्व होली के अवसर पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। दोनों नेताओं ने अपने-अपने संदेशों में इस पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए सभी से इसे हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आह्वान किया है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि रंगों का यह पावन त्योहार हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति में विशेष स्थान रखता है। यह पर्व समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह होली प्रदेशवासियों के जीवन में नए रंग भरेगी और सभी के लिए सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आएगी।

वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने बधाई संदेश में कहा कि होली ऐसा उत्सव है जिसे हर संप्रदाय और धर्म के लोग मिलकर उत्साह और उमंग के साथ मनाते हैं। इससे सामाजिक समरसता और एकजुटता को मजबूती मिलती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस त्योहार को प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं तथा एक-दूसरे के जीवन में खुशियों के रंग भरें।
मुख्यमंत्री ने कामना की कि रंगों का यह पर्व प्रदेश में शांति, प्रगति और भाईचारे की भावना को और अधिक मजबूत करे तथा सभी के जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करे।



