Follow Us:

होली के रंगों में भी घुली सियासत , राजभवन तक उड़ा राजनीति का रंग, राज्यसभा सीट को लेकर सीएम बोले- हिमाचल का होगा राज्यसभा उम्मीदवार, जय राम बोले भाजपा नहीं शरारत के मुड़ में

➤ होली के मौके पर भी शिमला में सियासी रंग चढ़ा
➤ मुख्यमंत्री बोले – राज्यसभा के लिए हिमाचल का ही होगा उम्मीदवार
➤ जयराम ठाकुर का बयान – भाजपा किसी शरारत के मूड में नहीं


शिमला। हिमाचल प्रदेश में होली का पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया, लेकिन इस बार रंगों के इस त्योहार पर भी सियासत का रंग साफ नजर आया। आमतौर पर कहा जाता है कि होली के दिन लोग पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाते हैं, मगर राजनीति में यह परंपरा शायद ही लागू होती है। शिमला में भी कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जहां गुलाल के साथ सियासी बयानबाजी भी खूब चली।

दरअसल, राज्यसभा सीट के लिए 5 मार्च को नामांकन होना है और कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवार के नाम से पर्दा नहीं उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली से लौट चुके हैं और माना जा रहा है कि उन्हें प्रत्याशी के नाम की पूरी जानकारी है, लेकिन पार्टी ने अब तक इसे सार्वजनिक नहीं किया है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने साफ कहा कि नामांकन से ठीक पहले ही उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार राज्यसभा के लिए हिमाचल का ही उम्मीदवार उतारा जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर कोई यह सोच रहा है कि पिछली बार की तरह लोकतंत्र को खरीदा जा सकता है तो ऐसा नहीं होगा। कांग्रेस इस बार पूरी सावधानी के साथ कदम रख रही है।

बिलासपुर में होली उत्सव के दौरान डीजे पर थिरकते हुए लोग।

दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा फिलहाल किसी तरह की राजनीतिक शरारत के मूड में नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अभी तक अपनी स्थिति साफ नहीं की है कि उम्मीदवार हिमाचल से होगा या किसी बाहरी राज्य से। भाजपा पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और जो भी उम्मीदवार मैदान में आएगा, उससे प्रदेश के हित में काम करने की अपेक्षा रहेगी।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शिमला में अपने समर्थकों के साथ होली मनाते हुए।

होली के मौके पर सियासत का यह रंग राजभवन तक भी पहुंच गया। मुख्यमंत्री सुक्खू जब राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को होली की शुभकामनाएं देने और गुलाल लगाने पहुंचे, तो वहां भी हल्की-फुल्की राजनीतिक बातचीत देखने को मिली। बताया जाता है कि जाते समय राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से पूछा कि उन्होंने क्या कहा, जिस पर मुख्यमंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने भाजपा को हिमाचल विरोधी बताया है। इस पर राज्यपाल ने मुस्कराते हुए कहा कि यह बात उनसे क्यों कही जा रही है।

सीएम सुक्खू सरकारी आवास ओक ओवर में समर्थकों के साथ होली मनाते हुए।

होली के मौके पर हुई यह बातचीत और बयानबाजी राज्यसभा चुनाव से पहले हिमाचल की राजनीति में बढ़ती गर्माहट का संकेत दे रही है। अब सभी की नजर राज्यसभा उम्मीदवार के नाम के ऐलान और नामांकन प्रक्रिया पर टिकी हुई है।