Follow Us:

संशोधित परिणाम से फेल छात्र हुए पास, लेकिन मेधावियों को झटका, जानें कैसे

  • हिमाचल शिक्षा बोर्ड की गलती से 4,722 छात्र फेल या कंपार्टमेंट में घोषित

  • रिवाइज रिजल्ट में पास हुए हजारों छात्र, अब चेहरों पर लौटी मुस्कान

  • टॉप-10 मेरिट सूची में भारी बदलाव, कई मेधावियों की रैंकिंग गिरी


HPBOSE 12th Result: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की बड़ी लापरवाही के कारण प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को फेल और कंपार्टमेंट घोषित कर दिया गया था, जिससे उनका एक साल बर्बाद होने की कगार पर था। 17 मई 2025 को जारी किए गए त्रुटिपूर्ण परीक्षा परिणाम में बोर्ड ने 2,713 विद्यार्थियों को फेल, जबकि 2,009 को कंपार्टमेंट में डाल दिया था। इससे छात्रों और अभिभावकों में भारी रोष फैल गया था।

हालांकि अब 22 मई को जारी किए गए संशोधित परीक्षा परिणाम ने विद्यार्थियों को राहत दी है। नई सूची में अब 76,315 छात्र पास घोषित किए गए हैं, जबकि फेल होने वाले छात्रों की संख्या घटकर 5,868 और कंपार्टमेंट की संख्या घटकर 3,838 रह गई है। इस मानवीय भूल से ढाई हजार से अधिक छात्र पास होने के बावजूद फेल, और 2,009 छात्र कंपार्टमेंट में डाल दिए गए थे, जिन्हें अब न्याय मिला है।

हालांकि परिणाम संशोधन ने जहां कुछ विद्यार्थियों के लिए राहत दी, वहीं कई मेधावी छात्रों की रैंकिंग पर असर पड़ा। पहले टॉप-10 सूची में शामिल रहे कई छात्र अब बाहर हो गए हैं। उदाहरण के लिए, दूसरे स्थान पर पहले 3 छात्र थे, अब 2 रह गए हैं; तीसरे स्थान पर 7 थे, अब 2; दसवें स्थान पर पहले 12 थे, अब 13 छात्र हो गए हैं। इससे छात्रों को मानसिक आघात भी लगा है।

इस घटना ने बोर्ड की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हैरानी की बात है कि बोर्ड में जहां 8 उप सचिव, 14 सह सचिव, एक अतिरिक्त सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी कार्यरत हैं, वहीं चेयरमैन का पद खाली है और आईएएस हेमराज बैरवा को इसका अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। बोर्ड सचिव डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि यह परिणाम प्रोविजनल मेरिट सूची के आधार पर है और पुनर्मूल्यांकन व पुनर्निरीक्षण के बाद फाइनल मेरिट सूची जारी की जाएगी।