Follow Us:

मुख्यमंत्री सुक्खू ने हिमाचल टॉपर अनमोल को फोन पर दी बधाई, जानें क्‍या कहा टापर नें

➤ मुख्यमंत्री सुक्खू ने दसवीं की प्रदेश टॉपर अनमोल को फोन पर दी बधाई
➤ 699 अंक लेकर कांगड़ा की अनमोल बनीं हिमाचल बोर्ड की टॉपर
➤ अध्यापन क्षेत्र में करियर बनाकर समाज सेवा करना चाहती हैं अनमोल


हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल करने वाली कांगड़ा की छात्रा अनमोल को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने फोन पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने शानदार सफलता के लिए अनमोल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनमोल ने 99.86 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे हिमाचल का नाम रोशन किया है। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने अनमोल से उनके भविष्य के लक्ष्य और सफलता के मंत्र के बारे में भी चर्चा की।

अनमोल ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह भविष्य में अध्यापन के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता अध्यापक हैं और उनकी माता भी पहले अध्यापिका रह चुकी हैं। परिवार से मिली प्रेरणा के चलते वह भी शिक्षक बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं।

मुख्यमंत्री ने मातृ दिवस के अवसर पर अनमोल से उनकी माता को शुभकामनाएं देने के बारे में भी पूछा। इस पर अनमोल ने बताया कि उन्होंने अपनी माता को मदर्स डे की बधाई दी है।

अनमोल ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन पांच से छह घंटे पढ़ाई करती थीं और सुबह पांच बजे उठकर अध्ययन शुरू कर देती थीं।

मुख्यमंत्री ने अनमोल को जीवन में निरंतर मेहनत करने और एक अच्छा इंसान बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रदेश की बेटियां लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल का नाम देशभर में रोशन कर रही हैं।

अनमोल जिला कांगड़ा के एवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल पाहड़ा की छात्रा हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं परीक्षा में 700 में से 699 अंक प्राप्त कर प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है।