Follow Us:

उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 80% पूरा, इस दिन तक आ सकता है बोर्ड का रिजल्‍ट

हिमाचल बोर्ड 12वीं कॉपियों का 80-85% मूल्यांकन पूरा
छुट्टियों के कारण देरी, अब अंतिम चरण में पहुंचा कार्य
30 अप्रैल तक रिजल्ट जारी करने की तैयारी तेज


हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। बोर्ड के अनुसार करीब 80 से 85 प्रतिशत मूल्यांकन कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।

बोर्ड ने पहले 22 अप्रैल तक मूल्यांकन कार्य पूरा करने का शेड्यूल निर्धारित किया था, लेकिन बीच में आई अधिक छुट्टियों के कारण यह लक्ष्य समय पर पूरा नहीं हो सका। इसके बावजूद अब प्रक्रिया को तेज करते हुए बचे हुए कार्य को जल्द पूरा करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रदेशभर में बनाए गए 41 मूल्यांकन केंद्रों पर 5 हजार से अधिक शिक्षक उत्तरपुस्तिकाओं की जांच में जुटे हुए हैं। सूत्रों के अनुसार अब केवल वे केंद्र बचे हैं, जहां उत्तरपुस्तिकाओं की संख्या अधिक थी और मूल्यांकन कार्य में समय लग रहा है।

बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि मूल्यांकन कार्य अपने अंतिम चरण में है और इसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बोर्ड का लक्ष्य 30 अप्रैल तक 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित करना है। इसके लिए कर्मचारी और शिक्षक लगातार कार्य कर रहे हैं, ताकि छात्रों को समय पर रिजल्ट मिल सके।

छात्रों के बीच रिजल्ट को लेकर उत्सुकता बनी हुई है और सभी की नजरें अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर टिकी हैं, जहां जल्द ही परिणाम जारी किया जाएगा।