HPBOSE 12th English exam: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने 12वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा के लिए नई तिथि जारी कर दी है। अब यह परीक्षा 29 मार्च को दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक प्रदेश भर के 2,300 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।

गौरतलब है कि यह परीक्षा 8 मार्च को होनी थी, लेकिन चंबा जिले के चुवाड़ी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में 10वीं की परीक्षा के दौरान 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र गलती से खोल दिया गया। इस मामले की शिकायत बोर्ड को ई-मेल के माध्यम से मिली थी। बोर्ड ने अपनी मोबाइल एप “एग्जाम मित्र” पर उपलब्ध वीडियो के आधार पर इस गलती की पुष्टि की और परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि परीक्षा की नई तिथि घोषित कर दी गई है। 29 मार्च को नियमित, कंपार्टमेंट, इंप्रूवमेंट और राज्य मुक्त विद्यालय (SOS) के परीक्षार्थी एक साथ परीक्षा देंगे।



