Follow Us:

एचपीटीडीसी के टूर पैकेज अब आईआरसीटीसी वेबसाइट पर भी उपलब्ध होंगे


कमरों की बुकिंग और डिस्काउंट कार्ड के लिए आईआरसीटीसी पेमेंट गेटवे का उपयोग
ऑल-इन-वन हिमाचल पैकेज से राजस्व बढ़ाने की तैयारी


हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के टूर पैकेज और डिस्काउंट कार्ड अब आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से भी बुक किए जा सकेंगे। इस महत्वपूर्ण पहल को लेकर सोमवार को नई दिल्ली स्थित आईआरसीटीसी के कॉर्पोरेट कार्यालय में एचपीटीडीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. राजीव कुमार ने आईआरसीटीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुमार जैन के साथ बैठक की।

दोनों संस्थानों के बीच हाल ही में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (MoU) के बाद व्यावसायिक संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई। निर्णय लिया गया कि पर्यटन निगम के होटलों में कमरों की बुकिंग और डिस्काउंट कार्ड के भुगतान के लिए आईआरसीटीसी का पेमेंट गेटवे इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि बुकिंग की अंतिम पुष्टि एचपीटीडीसी की वेबसाइट पर होगी। इससे पर्यटकों को एकीकृत और भरोसेमंद ऑनलाइन सुविधा मिल सकेगी।

बैठक में ट्रेन यात्रा, होटल प्रवास और साइटसीन को जोड़कर ऑल-इन-वन हिमाचल पैकेज तैयार करने पर भी चर्चा हुई। आईआरसीटीसी के देशभर में करोड़ों पंजीकृत उपयोगकर्ता हैं, ऐसे में एचपीटीडीसी का उद्देश्य इन ग्राहकों तक सीधी पहुंच बनाकर अपने होटलों और रिसॉर्ट्स की ऑक्यूपेंसी बढ़ाना है।

पर्यटन निगम वर्तमान में वित्तीय चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में आईआरसीटीसी के साथ यह साझेदारी राजस्व वृद्धि की दिशा में एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि निगम भविष्य में विभिन्न संस्थानों और कॉर्पोरेट घरानों के साथ भी समन्वय बढ़ाने की योजना बना रहा है, ताकि पर्यटन निगम को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

अधिकारियों का मानना है कि इस समझौते से पर्यटकों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी तथा हिमाचल के पर्यटन को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी। बैठक में पर्यटन एवं विपणन निदेशक राहुल हिमालयन, समूह महाप्रबंधक प्रोमिला गुप्ता और महाप्रबंधक प्रदीप कुमार धीमान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।