Follow Us:

“प्लैटिनम कार्ड, हाईटेक वेबसाइट, धार्मिक पर्यटन और प्रोत्साहन नीति—आरएस बाली के मार्गदर्शन में आत्मनिर्भर HPTDC की ओर बड़ा कदम”

➤ HPTDC जल्द शुरू करेगा प्लैटिनम कार्ड, नियमित पर्यटकों को मिलेंगी विशेष सुविधाएं
➤ रियायती कमरे, प्राथमिकता बुकिंग और डाइनिंग ऑफर होंगे शामिल
➤ निगम को आत्मनिर्भर बनाने और निजी होटलों से प्रतिस्पर्धा बढ़ाने का लक्ष्य


शिमला। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। निगम जल्द ही प्लैटिनम कार्ड योजना शुरू करेगा, जिसके तहत नियमित पर्यटकों और संस्थागत ग्राहकों को HPTDC होटलों में विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

निगम के निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि इस कार्ड के माध्यम से पर्यटकों को रियायती दरों पर कमरे, प्राथमिकता के आधार पर बुकिंग, विशेष सेवाएं और डाइनिंग ऑफर मिलेंगे। इसका उद्देश्य बार-बार आने वाले पर्यटकों को HPTDC से जोड़ना और निजी होटलों के मुकाबले निगम की प्रतिस्पर्धा को मजबूत करना है। निदेशक ने कहा कि ये सभी पहल  एचपीटीडीसी के चेयरमैन रैंक कैबिनेट एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली के मार्गदर्शन में की जा रही हैं और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम साफ दिखाई देंगे।

निगम अपनी आधिकारिक वेबसाइट को भी पूरी तरह नया रूप दे रहा है। वेबसाइट को आधुनिक, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया जाएगा, ताकि सीधी ऑनलाइन बुकिंग को बढ़ावा मिले और OTA प्लेटफॉर्म के साथ बेहतर तालमेल स्थापित हो सके।

HPTDC का होटल का फोटो।

धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए HPTDC ने IRCTC के साथ सहयोग शुरू किया है। इसके तहत धार्मिक और तीर्थ पर्यटन पैकेज तैयार किए जाएंगे, जिनका राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार होगा। इससे वरिष्ठ नागरिकों और तीर्थ यात्रियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

कर्मचारियों के हित में प्रदर्शन-आधारित प्रोत्साहन नीति लागू करने का निर्णय भी लिया गया है। निर्धारित लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन करने वाली इकाइयों के कर्मचारियों को 5 प्रतिशत तक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

विभाग की तरफ से जारी किए गए लेटर की कॉपी।

इसके अलावा, HPTDC विदेशी मुद्रा कारोबार में प्रवेश की संभावना तलाश रहा है। इसके लिए RBI से FFMC लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे निगम को भविष्य में अतिरिक्त आय का नया स्रोत मिलेगा।

निदेशक ने बताया कि होटल हमीरपुर, हॉलिडे होम शिमला, मेघदूत, कियारीघाट, रेणुकाजी और जवाली सहित कई इकाइयों के नवीनीकरण कार्य तेजी से चल रहे हैं। कुल्लू-मनाली क्षेत्र में भी करोड़ों रुपये की लागत से बड़े प्रोजेक्ट पूरे किए जा रहे हैं।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट के भुगतान के लिए सरकारी बैंक से टर्म लोन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही यूनियन बैंक और पंजाब नेशनल बैंक के साथ करार कर उनके कर्मचारियों को पर्यटन स्थलों पर हॉलिडे होम सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

वित्तीय उपलब्धियों पर नजर डालें तो वर्ष 2024–25 में निगम ने अब तक 10,867.03 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया है। शिमला, रामपुर, पालमपुर, धर्मशाला और मनाली में Swiggy–Zomato के साथ टाई-अप किया गया है, जबकि आउटडोर कैटरिंग से भी अच्छी आय प्राप्त हुई है।