➤ एमए इंग्लिश की उत्तरपुस्तिकाओं में गड़बड़ी, एचपीयू ने छात्र-क्लर्क पर FIR करवाई
➤ छात्र की पूरी परीक्षा रद्द, एक वर्ष तक परीक्षा में बैठने पर रोक
➤ क्लर्क की परीक्षा ड्यूटी पर रोक, पुलिस जांच में और नामों की पड़ताल
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में मूल्यांकन प्रक्रिया में अनियमितता उजागर होने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना के एमए इंग्लिश के छात्र मयंक खन्ना की दो उत्तरपुस्तिकाओं में गड़बड़ी सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने जांच शुरू की। यह मामला जून में हुई परीक्षाओं और अगस्त में शुरू हुई मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़ा है। ऑन-स्क्रीन मूल्यांकन तकनीक के दौरान परीक्षा शाखा ने उत्तरपुस्तिकाओं में छेड़छाड़ को पकड़ लिया, जिसके बाद यह मामला सामने आया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एचपीयू ने डीन सीडीसी की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी गठित की। कमेटी ने विस्तृत पड़ताल के बाद छात्र के साथ कॉलेज के एक क्लर्क की संलिप्तता की भी पुष्टि की। जांच रिपोर्ट के आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र की पूरी परीक्षा रद्द कर दी है और उसे एक वर्ष तक किसी भी परीक्षा में बैठने से प्रतिबंधित कर दिया है।
इसके साथ ही संबंधित क्लर्क को भविष्य में किसी भी परीक्षा से जुड़ी ड्यूटी में शामिल न करने का निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर पुनीत प्रेम कंवर ने थाना सदर ऊना में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि गड़बड़ी में और कौन लोग शामिल थे।



