Follow Us:

एचपीयू परिसर में छात्र संगठनों के बीच झड़प, छात्र पर चाकू से हमला

एचपीयू परिसर में छात्र संगठनों के बीच फिर भड़का विवाद, झड़प के दौरान छात्र पर तेजधार हथियार से हमला
घायल छात्र को गंभीर हालत में आईजीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया
मामले के बाद परिसर में पुलिस बल तैनात, लॉ विभाग में बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक



शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) परिसर में छात्र संगठनों के बीच पिछले कई दिनों से चल रहा विवाद सोमवार को एक बार फिर हिंसक हो गया। दो छात्र गुटों के बीच हुई झड़प के दौरान एक छात्र पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को तुरंत उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामले की सूचना मिलते ही क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) सहित बालूगंज थाना से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने हालात को देखते हुए लॉ विभाग में बाहरी लोगों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी है।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह एक बार फिर छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद दोनों गुटों के बीच कहासुनी और झड़प शुरू हो गई। करीब दोपहर 1:30 बजे लॉ ब्लॉक में दोनों पक्षों के बीच फिर से मारपीट हुई। इसी दौरान एक युवक ने दूसरे छात्र पर छुरी से हमला कर दिया, जिससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद मौजूद छात्रों और कर्मचारियों की मदद से घायल छात्र को आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया है।

एसएफआई जिला समिति के अध्यक्ष विवेक ने बताया कि उनके संगठन के एक कार्यकर्ता पर पेट पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की अतिरिक्त टीमों को एचपीयू परिसर में तैनात कर दिया गया है। पुलिस को इस मामले में एक शिकायत प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिसर में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और मामले में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।