Follow Us:

हिमाचल में इलेक्ट्रिक बसों की बड़ी शुरुआत: 297 नई E-बसों को हरी झंडी, 1000 और खरीदने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने 297 नई इलेक्ट्रिक बसों को किया रवाना
1000 नई E-बसें और 100 हाइड्रोजन बसें खरीदने की तैयारी
‘हिमबस प्लस कार्ड’ लॉन्च, यात्रियों को मिलेगा कैशबैक और किराये में छूट


शिमला। हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को सोलन के क्यारीघाट से 297 नई टाइप-1 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों के लिए ‘हिमबस प्लस कार्ड’ भी लॉन्च किया, जिससे कैशलेस यात्रा, किराये में छूट और कैशबैक जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन बसों के शामिल होने के बाद एचआरटीसी के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 500 हो गई है। सरकार जल्द ही 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगी। इसके साथ ही 100 हाइड्रोजन बसें खरीदने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

डीजल बसों की तुलना में होगी बड़ी बचत

मुख्यमंत्री के अनुसार, जहां डीजल बसों के संचालन पर 76 से 86 रुपये प्रति किलोमीटर खर्च आता है, वहीं इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन 36 से 38 रुपये प्रति किलोमीटर में हो रहा है। इससे एचआरटीसी को 40 से 50 रुपये प्रति किलोमीटर तक की बचत होगी और निगम की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी।

एक चार्ज में 200 से 300 किलोमीटर तक सफर

सरकार के अनुसार, वर्तमान में नई इलेक्ट्रिक बसें एक बार चार्ज होने पर करीब 200 किलोमीटर चलती हैं। भविष्य में आने वाली नई बसों की रेंज 250 से 300 किलोमीटर तक होगी। इनके संचालन के लिए प्रदेश के विभिन्न डिपो में आधुनिक चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए जा रहे हैं।