Follow Us:

कांगड़ा: चामुंडा से वृंदावन जा रही बस पर पंजाब में पथराव, शीशा टूटा, श्रद्धालु सुरक्षित

  • एचआरटीसी की हिमधारा बस पर पंजाब के नंगल क्षेत्र में हमला, बाइक सवारों ने किया पथराव

  • बस का फ्रंट शीशा टूटा, चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला, सभी यात्री सुरक्षित

  • एचआरटीसी ने नंगल पुलिस थाने में दर्ज करवाई एफआईआर, पहले भी पंजाब में हो चुके हैं ऐसे हमले


HRTC bus attack: कांगड़ा से चामुंडा नंदिकेश्वर धाम से बुधवार को वृंदावन धाम के लिए रवाना हुई एचआरटीसी की हिमधारा बस पर पंजाब के नंगल क्षेत्र में हमला हो गया। रात करीब 11:30 बजे भानुपल्ली के पास तीन बाइक सवार युवकों ने चलती बस पर पथराव किया, जिससे बस का अगला शीशा टूट गया। सौभाग्य से बस में सवार सभी श्रद्धालु और चालक सुरक्षित हैं। यह घटना नंगल और आनंदपुर साहिब के बीच हुई।

बस के यात्री अविनाश ठाकुर, जो फ्रंट सीट पर बैठे थे, ने बताया कि बाइक पर सवार तीन युवकों में से एक ने अचानक बस पर पत्थर फेंका, जिससे शीशा चकनाचूर हो गया। बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नहीं रोका। हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।

बस धर्मशाला डिपो की है और इस रूट पर यह पहली बार चलाई गई थी। दोपहर 3:20 बजे रवाना हुई इस बस में लगभग 10 श्रद्धालु सवार थे। पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने बस को झंडी दिखाकर रवाना किया था। एचआरटीसी धर्मशाला के डीएम पंकज चड्ढा ने बताया कि नंगल थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी गई है

चिंता की बात यह है कि इससे पहले भी पंजाब से होकर गुजरने वाली हिमाचल परिवहन की बसों पर हमले हो चुके हैं, जिसके चलते कई बार रात की बस सेवाएं स्थगित की गई थीं। अब यह घटना दोबारा इस प्रकार की सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा रही है।