Follow Us:

जोगिंद्रनगर में खतरनाक स्टंट : मंडी में चलती एचआरटीसी बस से लटककर सफर करता स्कूली बच्चा, वीडियो वायरल

मंडी में चलती एचआरटीसी बस से लटककर सफर करता स्कूली बच्चा, वीडियो वायरल
बस की पीछे लगी सीढ़ी पकड़कर सिंगल लेन सड़क पर किया खतरनाक सफर
वीडियो सामने आने के बाद एचआरटीसी ने शुरू की जांच


मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंदरनगर क्षेत्र से एक खतरनाक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक स्कूली बच्चा एचआरटीसी बस के पीछे लगी सीढ़ी पकड़कर सफर करता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और सामने आने के बाद एचआरटीसी प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है

बस की सीढ़ी को पकड़कर सफर करते हुए स्कूली बच्चा।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बस नंबर HP-53-A-2085 सिंगल लेन सड़क पर चल रही है और एक छोटा स्कूली बच्चा बस के पीछे लगी छत पर चढ़ने वाली लोहे की सीढ़ी को पकड़कर लटका हुआ है। बच्चे ने पहली सीढ़ी पर पैर रखा हुआ है, जबकि दूसरी सीढ़ी को हाथों से पकड़ा हुआ है। उसकी पीठ पर स्कूल बैग भी साफ दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि बस के पीछे चल रहे एक बाइक सवार ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया। वीडियो में बस को तीखे मोड़ों से गुजरते हुए देखा जा सकता है। ऐसे में यदि बच्चे का हाथ फिसल जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। यह घटना सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

बस के पिछले हिस्से से छत्त पर चढ़ने वाली सीढ़ी को पकड़कर सफर करते हुए स्कूली बच्चा।

जोगिंदरनगर–गलमाठा–पद्धर रूट की बस

इस मामले में जोगिंदरनगर बस अड्डा प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें भी यह जानकारी वायरल वीडियो के माध्यम से मिली है। उन्होंने बताया कि यह बस जोगिंदरनगर–गलमाठा–पद्धर रूट पर चलती है। इस संबंध में बस चालक और परिचालक से भी पूछताछ की गई है और मामले की जांच जारी है।

उन्होंने यह भी बताया कि यह बस पिछले पांच दिनों से रूट पर नहीं चल रही है और फिलहाल वर्कशॉप में मरम्मत कार्य के लिए खड़ी है।

जयराम ठाकुर ने जताई चिंता


इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष Jai Ram Thakur ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए चिंता व्यक्त की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस तरह अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रा न करें, क्योंकि यह बेहद खतरनाक हो सकता है। साथ ही बस चालक और परिचालकों से भी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने कड़ी कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।