Follow Us:

धर्मपुर से शुरू हुई लोकल बस सेवा, लंबी दूरी की बसें सरकाघाट से, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने किया दौरा

धर्मपुर बस अड्डे पर आपदा से एचआरटीसी को 10 करोड़ से अधिक का नुकसान
20 बसें क्षतिग्रस्त, वर्कशॉप और पेट्रोल पंप भी पूरी तरह तबाह
स्थानीय बस सेवा बहाल, लंबी दूरी की बसें सरकाघाट से चलेंगी


धर्मपुर (मंडी), 18 सितंबर। हाल ही में आई आपदा ने मंडी ज़िला के धर्मपुर में भारी तबाही मचाई है। इसका सबसे बड़ा असर धर्मपुर बस अड्डा परिसर और वहां स्थित एचआरटीसी डिपो पर पड़ा। स्थिति का जायजा लेने के लिए हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के उपाध्यक्ष अजय वर्मा स्वयं धर्मपुर पहुंचे और मौके पर नुकसान का आकलन किया।

अजय वर्मा ने बताया कि इस आपदा से करीब 20 बसों को क्षति पहुंची है, जिनमें से 18 बसें धर्मपुर डिपो की थीं, जबकि एक-एक बस बिलासपुर और सरकाघाट डिपो की थी। इसके अतिरिक्त एचआरटीसी धर्मपुर की वर्कशॉप को भी गंभीर नुकसान हुआ है और निगम का पेट्रोल पंप पूरी तरह नष्ट हो गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार निगम को अब तक 10 करोड़ रुपये से अधिक का वित्तीय नुकसान हो चुका है।

उन्होंने कहा कि आपदा जैसी विकट परिस्थिति के बावजूद कर्मचारियों ने साहस और धैर्य का परिचय दिया। उनकी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उपाध्यक्ष ने कहा कि इसी सजगता के कारण किसी भी कर्मचारी या अधिकारी की जान नहीं गई। हालांकि, इस हादसे में दो टैक्सी चालकों की मौत हो गई, जिस पर उन्होंने गहरा शोक व्यक्त किया।

उन्होंने जानकारी दी कि लोकल बस सेवा धर्मपुर से पुनः शुरू कर दी गई है ताकि आम जनता को असुविधा न हो। वहीं, लंबी दूरी की बस सेवाओं को अस्थायी रूप से सरकाघाट से संचालित किया जा रहा है।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. ए.के. आज़ाद, प्रकाश ठाकुर, उदय सकलानी, रजिंदर कुमार और आरएम मेहर चंद भी उपस्थित रहे।