➤ दिवाली की शाम 5 बजे के बाद HRTC की लोकल बसें नहीं चलेंगी
➤ ड्राइवर-कंडक्टर को परिवार संग दिवाली मनाने का मौका देने का निर्णय
➤ लोगों को यात्रा पहले से प्लान करने की सलाह, कल सुबह 8 बजे से बसें शुरू होंगी
दिवाली के मौके पर हिमाचल प्रदेश में परिवहन सेवाओं पर असर पड़ने जा रहा है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने घोषणा की है कि आज शाम 5 बजे के बाद लोकल बसें नहीं चलेंगी। यह निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि ड्राइवर और कंडक्टर भी अपने परिवार के साथ दिवाली का त्योहार मना सकें। निगम के अनुसार, कल सुबह 8 बजे से सभी लोकल बसें दोबारा चलाई जाएंगी।
इस दौरान लॉन्ग रूट की बसें भी सीमित रहेंगी। निगम ने कहा है कि केवल आवश्यक मार्गों पर ही कुछ गिनती की बसें चलाई जाएंगी। इस निर्णय से जहां कर्मचारियों को अपने परिवारों के साथ पर्व मनाने का अवसर मिलेगा, वहीं यात्रियों को कुछ असुविधा का सामना भी करना पड़ सकता है।
प्रदेश में HRTC की करीब 3000 बसें हैं, जिनमें से अधिकांश बसें आज शाम पांच बजे के बाद नहीं दौड़ेंगी। चूंकि हिमाचल में 95 प्रतिशत से अधिक आबादी हिंदू समुदाय की है, इसलिए अधिकांश लोग दिवाली को उत्साह से मनाते हैं। यही कारण है कि प्राइवेट बसें भी इस दौरान सीमित रहेंगी।
निगम ने यह भी बताया कि 17 से 19 नवंबर तक 257 स्पेशल बसें चलाई गई थीं, ताकि दूसरे राज्यों में कार्यरत हिमाचली लोग दिवाली पर घर लौट सकें। अब इनमें से अधिकांश बसें हिमाचल लौट आई हैं।
HRTC प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा पहले से प्लान करें और सरकारी बसों के इंतजार में समय न गंवाएं। साथ ही, पर्व के दौरान यातायात सुरक्षा नियमों का पालन करने की भी अपील की गई है ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।



