Follow Us:

अब नालागढ़ में एचआरटीसी चालक-परिचालक से मारपीट, बस में तोड़फोड़, यात्री दहशत में

नालागढ़ में एचआरटीसी चालक-परिचालक से मारपीट का मामला सामने आया

कार सवार युवकों ने सरकारी बस रोककर की तोड़फोड़

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच


हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में एचआरटीसी कर्मचारियों के साथ मारपीट की एक और गंभीर घटना सामने आई है। नालागढ़ क्षेत्र में कुछ युवकों ने एचआरटीसी बस के चालक और परिचालक के साथ मारपीट करने के साथ-साथ सरकारी बस में तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार एचआरटीसी बस नंबर HP-64-7440 अपने निर्धारित रूट पर जा रही थी। बस में चालक अमरचंद पुत्र रोशन लाल निवासी जिला कांगड़ा और परिचालक सुमित शर्मा पुत्र स्वरूप कुमार शर्मा ड्यूटी पर तैनात थे।

बताया जा रहा है कि बागवानी क्षेत्र के पास बस चालक ने कार नंबर HP-63C-8946 को ओवरटेक किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज कार सवार युवकों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद दूसरी गाड़ी HP-12B-74068 में कुछ युवक वहां पहुंचे।

शिकायत के मुताबिक खेड़ा क्षेत्र से आगे आरोपियों ने एचआरटीसी बस को बीच सड़क में रोक लिया। इसके बाद चालक और परिचालक के साथ मारपीट की गई। घटना में दोनों कर्मचारियों को चोटें आई हैं।

आरोपियों ने सरकारी बस के फ्रंट शीशे पर स्क्रैच किए और ड्राइवर साइड का शीशा भी तोड़ दिया। इससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। घटना के दौरान बस चालक ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक व परिचालक को उपचार और मेडिकल जांच के लिए नालागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर नंबर 156 दर्ज कर ली है। मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पीडीपी एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी शिमला में एचआरटीसी वोल्वो बस चालक के साथ मारपीट की घटना सामने आ चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सार्वजनिक परिवहन कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।