Follow Us:

HRTC का नया फरमान, अब ड्राइवर-कंडक्टर नहीं पहन सकेंगे गमछा

  • HRTC ने ड्राइवर-कंडक्टरों के परना और गमछा पहनने पर लगाई रोक
  • निगम ने कहा- रंग-बिरंगा कपड़ा प्रोफेशनल छवि को कर रहा प्रभावित
  • आदेश नहीं मानने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी

हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने अपने ड्राइवरों और कंडक्टरों के लिए ड्रेस कोड को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। निगम प्रबंधन ने ड्यूटी के दौरान चालक और परिचालकों के गले या सिर में परना, गमछा अथवा रंग-बिरंगा कपड़ा बांधने पर रोक लगा दी है।

इस संबंध में प्रदेश के कई डिपुओं में क्षेत्रीय प्रबंधकों द्वारा सर्कुलर जारी कर दिए गए हैं और आदेशों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा गया है। निगम प्रबंधन का कहना है कि वर्दी के साथ अलग-अलग रंगों के परने और गमछे पहनने से कर्मचारियों की पेशेवर छवि प्रभावित होती है।

HRTC का मानना है कि सभी चालक और परिचालक एक समान और अनुशासित रूप में दिखाई दें। निगम की बसें केवल हिमाचल प्रदेश ही नहीं बल्कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में संचालित होती हैं। ऐसे में कर्मचारियों की वेशभूषा सीधे तौर पर निगम की छवि को दर्शाती है।

निगम ने आदेशों में स्पष्ट किया है कि सभी ड्राइवर और कंडक्टर तय ड्रेस कोड का पालन करें। यदि कोई कर्मचारी इन निर्देशों की अवहेलना करता पाया गया तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।

हालांकि, निगम के इस फैसले का कर्मचारी संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया है। हिमाचल पथ परिवहन मजदूर संघ ने इन आदेशों को अव्यावहारिक बताते हुए नाराजगी जाहिर की है। संघ के महासचिव हरीश पराशर का कहना है कि प्रबंधन कर्मचारियों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने के बजाय नए-नए फरमान जारी कर रहा है।

उन्होंने कहा कि HRTC चालक और परिचालक लंबी दूरी की सेवाएं देते हैं और कई बार उन्हें चंडीगढ़, पंजाब और दिल्ली जैसे गर्म क्षेत्रों में काम करना पड़ता है, जहां तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। ऐसी स्थिति में चालक और परिचालक पसीना पोंछने और गर्मी से राहत पाने के लिए गले में कपड़ा रखते हैं। ऐसे में इस पर रोक लगाना कर्मचारियों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला फैसला साबित हो सकता है।

बताया जा रहा है कि प्रदेश में HRTC के पास करीब 3200 बसें हैं और इनमें लगभग 11 हजार ड्राइवर और कंडक्टर कार्यरत हैं। निगम प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों को आदेशों का पालन करने की हिदायत दी है।