➤ एचआरटीसी के 50 पदों के लिए करीब 2,500 अभ्यर्थी पहुंचे
➤ अव्यवस्था और हंगामे के बाद भर्ती प्रक्रिया रद्द करनी पड़ी
➤ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, नुकसान का आकलन जारी
हमीरपुर जिले के भोटा बाइपास स्थित एक होटल में शुक्रवार को एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बसों के लिए इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक और टेक्नीशियन सहित करीब 50 पदों पर आयोजित भर्ती प्रक्रिया भारी हंगामे के बीच रद्द करनी पड़ी।
भर्ती के लिए प्रदेशभर से करीब 2,500 अभ्यर्थी पहुंच गए, जबकि पदों की संख्या केवल 50 थी। बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के पहुंचने और पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं होने के कारण स्थिति बिगड़ गई।
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि साक्षात्कार प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और कुछ उम्मीदवारों का इंटरव्यू पहले लिया जा रहा है। इसके बाद अभ्यर्थियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस और एचआरटीसी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
हंगामा शुरू होने से पहले केवल करीब 20 अभ्यर्थियों का ही साक्षात्कार लिया जा सका था। अभ्यर्थियों ने मांग की कि यदि भर्ती प्रक्रिया रद्द की जाती है तो पहले लिए गए साक्षात्कार भी निरस्त किए जाएं, अन्यथा सभी इच्छुक उम्मीदवारों को समान अवसर दिया जाए।
हंगामे के दौरान होटल के मुख्य प्रवेश द्वार, फ्रिज, गमलों सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचा। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। निजी कंपनी के उपप्रबंधक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि होटल को हुए नुकसान की भरपाई कंपनी की ओर से की जाएगी। वहीं एचआरटीसी हमीरपुर मंडल के मंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की सेवाएं इलेक्ट्रिक बसों के रखरखाव के लिए ली जानी थीं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया फिलहाल रद्द कर दी गई है।



