HRTC Electric Buses Expansion: हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के निदेशक मंडल की बैठक में 297 ई-बसों और 24 सुपर लग्जरी बसों की खरीद को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की, जिसमें निगम के उपाध्यक्ष विजय वर्मा, प्रधान सचिव आरडी नजीम, प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि 297 टाइप-1 ई-बसों की खरीद की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। निदेशक मंडल ने खरीद कमेटी की सिफारिशों को स्वीकार कर लिया है और अब यह प्रस्ताव मंत्रिमंडल को सूचनार्थ भेजा जाएगा। सरकार ने अगले तीन महीनों में इन बसों का संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा है।
इसके अलावा, 37-सीटर 250 डीजल बसों के टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने और 24 सुपर लग्जरी बसों की खरीद के वर्क ऑर्डर को भी स्वीकृति दी गई। इन नई बसों के आने से हिमाचल के परिवहन नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।



