Follow Us:

दिल्ली अधिवेशन में पांवटा से सैंकड़ों आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं होंगी शामिल

Anganwadi Workers: पांवटा साहिब में आंगनवाड़ी वर्कर्ज एवं हेल्पर्ज यूनियन प्रोजेक्ट की बैठक यूनियन की अध्यक्ष इंदु तोमर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में सीटू जिला महासचिव आशीष कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। यूनियन की महासचिव देवकुमारी और अन्य पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आंगनवाड़ी यूनियन न्यायालय से लेकर सड़कों तक अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है।

बैठक में चर्चा की गई कि सरकार अब तक माननीय न्यायालय के आदेश के अनुसार ग्रेच्युटी लाभ तक प्रदान नहीं कर रही है। इसके अलावा, वरिष्ठता सूची जारी न होने के कारण कार्यकर्ताओं की पदोन्नति रुकी हुई है। यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषाहार की भारी कमी है और पोषण ट्रैकर में तकनीकी समस्याएं आ रही हैं।

सीटू जिला महासचिव आशीष कुमार ने कहा कि आंगनवाड़ी कर्मचारियों को अब तक जो भी अधिकार मिले हैं, वह संघर्षों का ही परिणाम हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि सरकारें बदलती रहेंगी, लेकिन अपनी मांगों के लिए संघर्ष करना जरूरी है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि फरवरी माह में पांवटा प्रोजेक्ट से सैकड़ों आंगनवाड़ी कार्यकर्ता दिल्ली में होने वाले अधिवेशन में भाग लेंगी। इसके अतिरिक्त, मार्च में प्रस्तावित हड़ताल में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सहायिकाएं शामिल होंगी।