Follow Us:

लाहौल-स्पीति के सिस्सू गांव में बर्फीला तूफान, जनजीवन पूरी तरह से अस्तव्यस्त

गौरव, कुल्लू |

जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में बर्फबारी होने के बाद बर्फीला तूफान शुरू हो गया है। बर्फीली पहाड़ियों से चल रही हवाएं बर्फ को अपने साथ लेकर खतरनाक रूप धारण कर चुकी है। लोग बर्फीले तूफान से बचने के लिए अपने अपने घरों के भीतर दुबक कर बैठ गए हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एक बजे के बाद पहले हल्की हल्की हवाएं चली लेकिन बाद में काफी तेज गति से हवाओं का चलना शुरू हुआ जो बाद में बर्फीला तूफान का रूप धारण कर चुकी है। ऐसे में बर्फीली हवाओं के साथ साथ बर्फ लोगों के घरों के भीतर तक पहुंच रही है। घरों के बरामदे आदि भी बर्फ से भर गए हैं। जबकि पेड़ पौधे भी इन हवाओं से कई स्थानों पर पेड़ पौधों के टूटने की भी जानकारी है।

हालांकि अभी तक इस बर्फीले तूफान से किसी के जानी नुक्सान होने की जानकारी नहीं है लेकिन इस तूफान ने घाटी के लोगों को दहशत में डाल दिया है। जानकारी है कि लाहौल स्पीति के सिस्सू के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी बर्फीला तूफान चला हुआ है। जिससे घाटी के लोगों का जनजीवन पूरी तरह से अस्तव्यस्त हो गया है।