➤ IGMC शिमला में डॉक्टर और मरीज के बीच जमकर मारपीट, वीडियो वायरल
➤ “तू” कहने को लेकर शुरू हुआ विवाद लात-घूंसे तक पहुंचा
➤ अस्पताल प्रशासन ने गठित की तीन सदस्यीय जांच समिति
हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी शिमला में डॉक्टर और मरीज के बीच हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। उपचार के लिए आए मरीज और डॉक्टर के बीच बातचीत के दौरान “तू” कहने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई और लात-घूंसे तक पहुंच गया। पूरी घटना का 15 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि बेड पर लेटे मरीज पर पहले डॉक्टर हमला करता है, जिसके बाद मरीज भी खुद को बचाने के लिए डॉक्टर पर लातें चलाने लगता है। इसके बाद डॉक्टर ने भी आपा खोते हुए मरीज पर घूंसे बरसाए और बेड पर ही उसकी पिटाई कर दी।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें भी फटकार लगा दी। इसके बाद मरीज के समर्थन में आए लोगों ने आईजीएमसी परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी की।
मरीज ने बताया कि वह एंडोस्कोपी कराने अस्पताल आया था। बेड पर लेटने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि डॉक्टर ने उसे “तू” कहकर संबोधित किया, जिस पर मरीज ने आपत्ति जताई। मरीज के अनुसार जब उसने पूछा कि क्या डॉक्टर घर पर भी इसी तरह बात करते हैं, तो डॉक्टर ने हमला कर दिया।
घटना के बाद मरीज के स्वजन डॉक्टर से माफी और बर्खास्तगी की मांग पर अड़ गए हैं। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि अस्पताल प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो वे आंदोलन करेंगे।
वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। आईजीएमसी प्रबंधन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और इसके लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है।
आईजीएमसी के एमएस डॉ राहुल राव ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



