Follow Us:

IGMC शिमला में मरीज से मारपीट के मामले में डॉक्टर सस्पेंड

➤ शिमला IGMC में मरीज से मारपीट का वीडियो वायरल, डॉक्टर सस्पेंड
➤ बिना पूछे खाली बेड पर लेटने को लेकर हुआ विवाद
➤ परिजनों का हंगामा, अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) में मरीज के साथ डॉक्टर द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। गंभीरता को देखते हुए आरोपी डॉक्टर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार कुपुई निवासी अर्जुन पंवार IGMC में एंडोस्कोपी करवाने आया था। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे आराम करने की सलाह दी गई। मरीज चेस्ट ओपीडी वार्ड में एक खाली बेड देखकर लेट गया, इसी दौरान वहां मौजूद डॉक्टर से उसका विवाद हो गया।

मरीज का आरोप है कि डॉक्टर ने उससे तू-तड़ाक में बात की और विरोध करने पर हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि डॉक्टर और मरीज के बीच लात-घूंसे चलने लगे। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की।

घटना के बाद मरीज के परिजन भड़क उठे और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर IGMC परिसर में नारेबाजी शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। करीब 6 घंटे चले हंगामे के बाद प्रशासन ने डॉक्टर को सस्पेंड करने का निर्णय लिया।

IGMC के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट राहुल राव ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है, जिसकी अध्यक्षता चेस्ट विभाग के HOD मलाय सरकार कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।

वहीं स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने कहा कि यह मामला सरकार के संज्ञान में है। जांच में दोषी पाए जाने पर डॉक्टर की सेवाएं समाप्त भी की जा सकती हैं। मुख्यमंत्री ने भी पूरे प्रकरण में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।