Follow Us:

चंबा और कांगड़ा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, बाकी जिलों में यलो अलर्ट

  • हिमाचल प्रदेश में 2 और 3 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान, चंबा और कांगड़ा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
  •  न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री की गिरावट, अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री की वृद्धि, फिर गिरावट का अनुमान
  •  पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बिगड़ा, लेकिन 5 मार्च से मौसम साफ रहने की संभावना

Himachal Weather Alert: हिमाचल प्रदेश में मौसम की मार अभी जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश में 2 और 3 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे प्रदेश के कई इलाकों में मौसम बिगड़ सकता है। खासकर चंबा और कांगड़ा जिलों में 3 मार्च को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य 10 जिलों के लिए यलो अलर्ट दिया गया है।

तापमान में उतार-चढ़ाव


मौसम विभाग के अनुसार, 2 मार्च तक न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी, जबकि अधिकतम तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद, अगले 2-3 दिनों में तापमान में 3-5 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण बिगड़ा मौसम


मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कुल्लू, कांगड़ा और मंडी में भारी बारिश दर्ज की गई है। यह स्थिति 25 फरवरी को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बनी। अब 2 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 3 मार्च को देखने को मिलेगा। हालांकि, 5 मार्च से मौसम साफ रहने का अनुमान है।

हिमाचल के विभिन्न जिलों में अलर्ट जारी


IMD ने हिमाचल प्रदेश में चंबा, कांगड़ा और लाहौल-स्पीति जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुल्लू और मंडी के लिए यलो अलर्ट दिया गया है। शिमला सहित अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

5 मार्च के बाद सुधार के आसार


मौसम विभाग के अनुसार, 5, 6 और 7 मार्च को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, जिससे लोगों को राहत मिलेगी। लेकिन 2 और 3 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है