Follow Us:

सेना भर्ती पर पड़ा कोरना का प्रभाव, सितंबर की जगह फरवरी 2021 में आयोजित होगी कांगड़ा-चंबा युवाओं की भर्ती

पी. चंद |

जिला कांगड़ा और चंबा के युवाओं से कोरोना महामारी ने सेना में भर्ती होने का मौका छीन लिया है। पुलिस मैदान धर्मशाला में 18 से 28 सितंबर तक होने वाली सेना भर्ती को स्थगित कर दिया गया है। अब यह भर्ती 14 से 28 फरवरी 2021 को होगी। इस भर्ती को स्थगित करने का कारण प्रदेश भर में बढ़ रहे कोरोना महामारी के मामलों को बताया गया है। उल्लेखनीय है कि पुलिस मैदान धर्मशाला में सितंबर माह में सेना की भर्ती प्रस्तावित थी।

इस दौरान जिला कांगड़ा और चंबा के 17 से 21 आयु वर्ग के युवाओं को सेना में जाने का मौका मिलना था, जिसके लिए सेना भर्ती निदेशालय की ओर से जिला कांगड़ा और चंबा के पात्र अभ्यर्थी 22 जुलाई से 4 सितंबर तक ऑनलाइन अपना आवेदन करवाने को कहा था। यह भर्ती प्रक्रिया सोल्जर सामान्य ड्यूटी और सोल्जर क्लर्क के पदों के लिए होनी थी। सितंबर माह में प्रस्तावित भर्ती प्रक्रिया के लिए सेना की ओर से पुलिस मैदान धर्मशाला में भर्ती प्रक्रिया करवाने के लिए अनुमति भी मांगी थी। वहीं, इस बात की पुष्टि करते हुए कर्नल संदीप सिरोही भर्ती निदेशक ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण इस भर्ती प्रक्रिया को अब फरवरी माह में आयोजित करवाने का फैसला लिया गया है।