Follow Us:

धर्मशाला में आज बारिश के 55% आसार ! भारत के खिलाफ पहली बार वनडे सीरीज खेलेगा अफगानिस्तान :कोहली-हार्दिक के बिना उतरेगी इंडिया

धर्मशाला में आज भारत-अफगानिस्तान वनडे मुकाबले का रोमांच, हजारों दर्शकों की नजरें स्टेडियम पर

इंद्रुनाग देवता के आशीर्वाद के साथ मैच की तैयारियां पूरी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बर्फ से ढकी धौलाधार की वादियों में खेल, संस्कृति और आस्था का होगा अनूठा संगम


हिमाचल प्रदेश के विश्वप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में आज भारत और अफगानिस्तान के बीच एकदिवसीय श्रृंखला के पहले मुकाबले का रोमांच देखने को मिलेगा। आज बारिश के 55% आसार हैं। बारिश बाधा बन सकती है। आईपीएल के सफल आयोजन के बाद एक बार फिर धर्मशाला क्रिकेट के बड़े मंच के लिए तैयार है। हिमालय की गोद में बसे इस खूबसूरत स्टेडियम में होने वाले मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। देशभर से हजारों प्रशंसक धर्मशाला पहुंच चुके हैं और होटल, टैक्सी तथा पर्यटन कारोबार में भी रौनक लौट आई है।

मैच के लिए दोपहर 1 बजे टॉस होगा, जबकि 1:30 बजे पहली गेंद फेंकी जाएगी। दर्शकों के लिए सुबह 10:30 बजे से स्टेडियम के द्वार खोल दिए जाएंगे। टिकटों की ऑनलाइन बिक्री जारी है और करीब 22 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है।

यह मुकाबला कई मायनों में खास रहने वाला है। धर्मशाला स्टेडियम में पहली बार भारत और अफगानिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। धर्मशाला स्टेडियम अपने इतिहास का 11वां अंतरराष्ट्रीय वनडे मुकाबला आयोजित करेगा। भारतीय टीम यहां अपना छठा वनडे खेलेगी, जबकि अफगानिस्तान की टीम दूसरी बार इस मैदान पर एकदिवसीय मैच खेलने उतरेगी।

भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी, जबकि अफगानिस्तान टीम का नेतृत्व हशमतुल्लाह शाहिदी करेंगे। भारतीय टीम में अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा के अलावा अधिकतर युवा खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें से कई खिलाड़ी पहली बार धर्मशाला के मैदान पर वनडे मैच खेलते नजर आएंगे। ऐसे में युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी सभी की नजरें रहेंगी।

हालांकि मौसम इस मुकाबले में चुनौती बन सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है और यदि मौसम बिगड़ता है तो मैच प्रभावित हो सकता है। हालांकि एचपीसीए ने इसके लिए विशेष इंतजाम किए हैं। स्टेडियम में मौजूद एडवांस सब एयर सिस्टम बारिश के बाद मैदान को मात्र 15 से 20 मिनट में खेलने योग्य बना सकता है। इसके अलावा सुपर सोपर मशीनों की भी व्यवस्था की गई है, जिससे बारिश के बाद पानी को तेजी से हटाया जा सके।

मुकाबले की सफलता और मौसम की अनुकूलता के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने एचपीसीए पदाधिकारियों के साथ क्षेत्र के आराध्य देवता भगवान इंद्रुनाग के मंदिर में पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। हिमाचल में बड़े खेल आयोजनों से पहले इंद्रुनाग देवता का आशीर्वाद लेने की परंपरा वर्षों पुरानी है। स्थानीय लोगों की मान्यता है कि इंद्रुनाग देवता क्षेत्र के रक्षक हैं और मौसम पर भी उनका विशेष प्रभाव रहता है।

इस आयोजन को लेकर पूरे कांगड़ा और धर्मशाला क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। बाजारों, होटलों और पर्यटन स्थलों पर क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ देखने को मिल रही है। धर्मशाला में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले न केवल खेल प्रेमियों को आकर्षित करते हैं बल्कि प्रदेश के पर्यटन उद्योग और स्थानीय कारोबार को भी नई ऊर्जा देते हैं।

इस बार धौलाधार पर्वतमाला पर हुई ताजा बर्फबारी ने धर्मशाला की खूबसूरती को और बढ़ा दिया है। हरे-भरे मैदान के पीछे चमचमाती बर्फ से ढकी चोटियां स्टेडियम को दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में शामिल करती हैं। यही कारण है कि धर्मशाला में होने वाले मुकाबलों की तस्वीरें और दृश्य दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों को आकर्षित करते हैं।

एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने कहा कि सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और संगठन एक और सफल अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं अनुराग ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम आज हिमाचल प्रदेश का वैश्विक दूत बन चुका है और यहां आयोजित होने वाले मैच प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन और आतिथ्य को दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

जब धौलाधार की बर्फीली चोटियों के बीच हजारों दर्शकों की मौजूदगी में मैच शुरू होगा, तब धर्मशाला एक बार फिर खेल, संस्कृति, प्रकृति और आस्था के अद्भुत संगम का साक्षी बनेगा।