Follow Us:

धर्मशाला में भारत-अफगानिस्तान वनडे अब 13 जून को होगा

धर्मशाला में भारत-अफगानिस्तान वनडे मैच अब 13 जून को खेला जाएगा

पहले यह मुकाबला 14 जून को निर्धारित था, BCCI ने बदला शेड्यूल

भारत-पाक महिला टी20 वर्ल्ड कप मैच के कारण तारीख बदलने की चर्चा



एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में होने वाला भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे मुकाबला अब 14 जून की बजाय 13 जून को खेला जाएगा। बीसीसीआई ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नया शेड्यूल अपडेट कर दिया है। इसके बाद क्रिकेट प्रशंसकों के बीच इस बदलाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, शेड्यूल में बदलाव के पीछे 14 जून को होने वाला महिला टी-20 विश्व कप का हाईवोल्टेज मुकाबला माना जा रहा है, जिसमें भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। माना जा रहा है कि प्रसारण और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने धर्मशाला वनडे मैच को एक दिन पहले कराने का फैसला लिया है। हालांकि बोर्ड की ओर से इस बदलाव की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली यह वनडे सीरीज दोनों टीमों के लिए काफी अहम मानी जा रही है। आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की तैयारियों को देखते हुए खिलाड़ी इस सीरीज को महत्वपूर्ण मान रहे हैं। क्रिकेट प्रेमियों में भी इस मुकाबले को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है।

धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम लंबे समय से बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी करता रहा है। हिमाचल की खूबसूरत वादियों के बीच बना यह स्टेडियम दुनिया के सबसे आकर्षक क्रिकेट मैदानों में गिना जाता है। हाल ही में यहां 11 से 17 मई के बीच तीन आईपीएल मुकाबलों का सफल आयोजन किया गया था।

इसके अलावा 26 मई को यहां आईपीएल प्लेऑफ के क्वालीफायर-1 मुकाबले का आयोजन भी होना है। लगातार बड़े मैच मिलने से धर्मशाला का एचपीसीए स्टेडियम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।