Follow Us:

शिमला में भारत का जलवा, दक्षिण एशियाई टेबल टेनिस में 3 गोल्ड मेडल अपने नाम

➤ अंडर-19 गर्ल्स, अंडर-15 बॉयज और गर्ल्स टीम ने जीता गोल्ड
➤ तीनों फाइनल में बांग्लादेश को एकतरफा मात
➤ शनिवार को व्यक्तिगत स्पर्धाओं के सेमीफाइनल मुकाबले



हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के इंदिरा गांधी खेल परिसर में चल रही दक्षिण एशियाई यूथ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत का परचम लहरा दिया है। भारतीय टीम ने टीम स्पर्धाओं में तीन गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं। यह प्रतियोगिता 8 से 11 अप्रैल तक आयोजित की जा रही है, जिसमें दक्षिण एशिया के पांच देशों के 100 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

भारत ने अंडर-19 गर्ल्स, अंडर-15 बॉयज और अंडर-15 गर्ल्स वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। खास बात यह रही कि तीनों वर्गों के फाइनल मुकाबले बांग्लादेश के खिलाफ हुए और भारतीय टीम ने एकतरफा जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल अपनी झोली में डाल लिए।

अंडर-19 गर्ल्स वर्ग में भारत की ओर से अनन्या, जेनिफर, प्रिंशा और डिस्ता ने दमदार प्रदर्शन किया। फाइनल में बांग्लादेश को हराकर टीम ने भारत को पहला गोल्ड दिलाया।

अंडर-15 बॉयज वर्ग में आदित्य दास, अक्षय, रिशान और आकाश ने शानदार खेल दिखाते हुए बांग्लादेश को हराया और दूसरा गोल्ड अपने नाम किया।

वहीं अंडर-15 गर्ल्स वर्ग में अंकुलिका, सृजनी, तनिष्का और आहुना ने शानदार तालमेल के साथ खेलते हुए बांग्लादेश को मात दी और भारत के खाते में तीसरा गोल्ड जोड़ दिया।

प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन टीम इवेंट तक ही सीमित नहीं रहा। शुक्रवार को खेले गए व्यक्तिगत स्पर्धाओं के मुकाबलों में भी भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया है। अब शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिन पर सभी की नजरें टिकी हैं।

इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत, बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका और मालदीव के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यह पहली बार है जब हिमाचल प्रदेश इस स्तर की दक्षिण एशियाई यूथ टेबल टेनिस प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है।