➤ 37 वर्षीय भारतीय सेना के जवान इंद्र सिंह का आकस्मिक निधन
➤ अंतिम संस्कार राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ कराल गांव में
➤ परिवार में एक बेटी और दो बहनें छोड़ गए
ऊझी घाटी के कराल (शिरड़) गांव के निवासी और भारतीय सेना के जवान इंद्र सिंह का आकस्मिक निधन हो गया है। 37 वर्षीय जवान का निधन हिसार में हृदय गति रुकने (दिल का दौरा) से हुआ। इस दुखद घटना ने उनके परिवार और पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
इंद्र सिंह हाल ही में दिवाली का पर्व अपने परिवार के साथ बिताने के बाद हिसार स्थित अपनी ड्यूटी पर वापस लौटे थे। देश की सेवा में समर्पित इस वीर सपूत का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव कराल पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। उनके अंतिम दर्शन के लिए स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए।
सेना के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया और पूरे राजकीय व सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस मौके पर उपस्थित लोगों की आंखों में आंसू और चेहरे पर गहरा दुःख देखा गया।
जवान इंद्र सिंह अपने पीछे एक बेटी और दो बहनें छोड़ गए हैं। उनके पिता तुलसी राम, जो वन विभाग से सेवानिवृत हैं, और माता गृहणी, इस अपार दुःख को सहन कर रहे हैं। छुट्टी से लौटकर राष्ट्र सेवा में जुटे इस जवान का अचानक दुनिया से चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए एक गहरा सदमा है। उनके निधन की खबर से कराल गांव और पूरे कुल्लू में शोक की लहर फैल गई है।



