Follow Us:

कोविड प्रोटोकॉल के साथ 15 से 21 अक्टूबर तक होगा अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा का आयोजन

डेस्क |

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा का आयोजन इस बार भी कोविड प्रोटोकॉल के साथ किया जाएगा। दशहरा का आयोजन 15 से 21 अक्टूबर तक होगा। इसी को लेकर आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में कुल्लू दशहरा समिति की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने दशहरा उत्सव के लिए सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कोविड सुरक्षा के लिए जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

बैठक में फैसला लिया गया कि दशहरा उत्सव में आने के लिए सभी देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया जाएगा। उत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठान परंपरागत ढंग से आयोजित होंगे लेकिन इस वर्ष मेले में सांस्कृतिक और व्यावसायिक गतिविधियां नहीं होंगी। मेले के शुभारम्भ अवसर पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर जबकि समापन अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि होंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि भाषा एवं संस्कृति विभाग मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि जिला प्रशासन कुल्लू को प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले व त्योहार हमारी संस्कृति के द्योतक हैं। इनका संरक्षण एवं सवंर्धन सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार कृतसंकल्प है और इस दिशा में समय-समय पर विभिन्न कदम उठाए गए हैं। कुल्लू दशहरा की प्रदेश ही नहीं बल्कि विश्व में एक अलग पहचान है। यह हमारी धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वैश्विक कोरोना महामारी ने सम्पूर्ण विश्व को प्रभावित किया है। इससे सामान्य जन-जीवन ही नहीं बल्कि विभिन्न गतिविधियों, मेलों, त्योहरों और अन्य आयोजनों को भी प्रभावित किया है।